सीनियर सेकेंडरी छात्र स्कूल नालागढ़ ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह सोमवार को धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया। समारोह में उच्च शिक्षा उपनिदेशक जीवन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया, वहीं शैक्षणिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। समारोह की अध्यक्षता स्कूल की प्रिंसीपल मीना अग्रवाल ने की, जबकि इस मौके पर जेन टेक्नोलॉजी लिमिटेड के मैनेजर प्रह्लाद सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना से हुई और उसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोहा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भांगड़ा उपस्थित लोगों को थिरकने पर मजबूर कर गया। मुख्यातिथि शिक्षा उच्च उपनिदेशक जीवन राम शर्मा ने कहा कि हिमाचल के 200 स्कूलों में वोकेशनल कोर्स भी शुरू किए गए हैं, ताकि विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई करके अपने आप को निपुण बना सके। इसके तहत जिला के आठ स्कूलों में ऐसे कोर्स चल रहे हैं, जिनमें नालागढ़ में भी यह कोर्स करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला भर के स्कूलों का वार्षिक परिणाम बहुत सराहनीय है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड के अलावा पीटी का प्रावधान किया गया है, ताकि विद्यार्थी शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सके, वहीं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी वह दूर रह सके। उन्होंने विद्यार्थियों को जंक फूड और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। जेन टेक्नोलॉजी लिमिटेड के मैनेजर प्रह्लाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थी काल एक ऐसा समय होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, खेलकूद व अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। स्कूल की प्रिंसीपल मीना अग्रवाल ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान गुरदयाल सिंह ने मुख्यातिथि सहित आए हुए गणमान्य लोगों का आभार जताया।
Tuesday, 6 January 2015
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

0 comments:
Post a Comment
आपका स्वागत है । आपके सुझाव हमारा मार्गदर्शन करेंगे।